दमोह जिले की हटा विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भाजपा विधायक उमा देवी खटीक ने विरोध जताया है। शुक्रवार दोपहर विधायक ने निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया और स्वयं अपने हाथ से सरिया उखाड़ कर एमपीआरडीसी (MPRDC) के अधिकारियों से कहा कि उनकी विधानसभा में इस तरह से घटिया काम करके चूना न लगाया जाए। उन्होंने तत्काल निर्माण कार्य रोकने और मजबूत सड़क बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में सामने आई हकीकत
दमोह से सिमरिया तक 72 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है। इस काम को हरियाणा की इस्कॉन कंपनी कर रही है। हटा नगर के अंदर सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा था, जिसकी घटिया गुणवत्ता की शिकायत विधायक उमा देवी खटीक को मिली थी। शुक्रवार को विधायक अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं और निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांची।
हाथ में आ गया सरिया, गुणवत्ता पर सवाल
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि सड़क में सीमेंट की मात्रा कम थी, डस्ट की मात्रा अधिक थी और रेत भी कम डाली गई थी। सबसे बड़ी बात यह रही कि एक जगह पर सड़क में लगा सरिया आसानी से उखड़कर उनके हाथ में आ गया। यह देखकर विधायक खटीक नाराज हो गई
तत्काल काम रोकने के निर्देश
विधायक ने मौके पर मौजूद निर्माण कंपनी के कर्मचारियों को घटिया निर्माण न करने की बात कही और तुरंत एमपीआरडीसी सागर संभाग के अधिकारी सुनील कालरा को फोन लगाया। विधायक खटीक ने अधिकारी से सख्त लहजे में कहा कि उनकी विधानसभा में जो सड़क बन रही है, वह बेहद घटिया है और जब उन्होंने गुणवत्ता जांची तो हकीकत सामने आ गई।
उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा के लोगों को इस तरह घटिया निर्माण से चूना न लगाया जाए। विधायक ने अधिकारियों को तत्काल इस निर्माण कार्य पर रोक लगाकर गुणवत्तापूर्ण काम तय करने के निर्देश दिए हैं।