
शहर में जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में देर रात तक आयोजन चले। सोमवार रात 12 बजे नजरबाग मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने जिला जेल में कैदियों के साथ जन्माष्टमी मनाई। उन्होंने जेल अधीक्षक प्रतीक जैन के साथ विधि विधान से पूजा अर्चना की। इस मौके पर जेल के बंदियों ने श्रीकृष्ण भक्ति में डूब कर जमकर नृत्य किया।
जेल अधीक्षक प्रतीक जैन ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार रात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार शामिल हुए। इस मौके पर जेल में भगवान श्रीकृष्ण की झांकी सजाई गई। उन्होंने बताया कि बंदियों ने झूला और मटकी सजाई।
जेल स्टाफ और बंदियों के सहयोग से जेल परिसर को श्रीकृष्ण भक्तिमय बनाया गया। कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने जेल अधीक्षक के साथ भगवान श्री कृष्ण की आरती उतार कर पूजा अर्चना की। साथ ही भगवान को झूला झुलाया।
इसके बाद मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बंदियों को श्री कृष्ण के जीवन दर्शन पर आधारित प्रसंग सुना कर धर्म और न्याय के रास्ते पर चलने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर कीर्तन मंडली के लोगों ने भजन और आरती की प्रस्तुति दी। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर जिला जेल परिसर ‘नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।
आज निकलेगी शोभा यात्रा
श्री कृष्ण जन्मोत्सव परिवार की ओर से पिछले 15 दिनों से शहर में प्रभात फेरी निकाली जा रही है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में आज शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा नजरबाग मंदिर से शुरू होगी। नगर भ्रमण के बाद नजरबाग में यात्रा का समापन होगा और प्रसाद वितरण किया जाएगा।