
जिले के पथरिया और बटियागढ़ में कांग्रेस ने सोयाबीन का समर्थन मूल्य बढ़ाने को लेकर रैली निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों लोगों के साथ रैली निकालकर समर्थन मूल्य में बिकने वाले सोयाबीन के दाम बढ़ाकर ₹6000 प्रति क्विंटल करने की मांग की है। कांग्रेसियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। पथरिया से कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने कहा कि करीब 12 साल पहले किसानों को सोयाबीन का समर्थन मूल्य 4 हजार रुपए क्विंटल मिल रहा था जो आज भी जारी है। लेकिन इस समय किसानों को प्रति क्विंटल 3000 से 35 सौ रुपए उपज का खर्च आ रहा है। जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
बटियागढ़ से कांग्रेस नेता राव बृजेंद्र सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार खुद को किसान हितैषी बताती है, लेकिन यहां किसान कई तरह की परेशानियों से जूझ रहे हैं। उनकी मांग है कि सरकार तत्काल सोयाबीन के समर्थ मूल्य का रेट बढ़ाकर ₹6000 करे। मध्य प्रदेश में सोयाबीन की फसल सबसे ज्यादा उगाई जाती है और इसलिए मध्य प्रदेश को सोया स्टेट का नाम भी दिया गया है, लेकिन यह आगे तभी रहेगा जब किसानों को इससे मुनाफा होगा और मुनाफा के लिए समर्थन मूल्य बढ़ाया जाना आवश्यक है।