
टीकमगढ़ नगर पालिका सहित जिले की सभी नगर परिषदों के सीएमओ शुक्रवार को सामूहिक अवकाश पर हैं। नगर परिषद हरसूद सीएमओ मोनिका पारधी के ऊपर हुए जानलेवा हमले के विरोध में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों ने हड़ताल का फैसला लिया है। सीएमओ संघ ने नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक के नाम एक दिन पहले इस संबंध में पत्र सौंपकर अवगत कराया था।
नगर पालिका सीएमओ शिवी उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश में नगर पालिका अधिकारियों को प्रताड़ित करने ओर जानलेवा हमला करने के विरोध में आज कामबंद हड़ताल की गई है। नगर पालिका टीकमगढ़ सहित जिले की सभी नगर परिषद के सीएमओ आज एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी कल्याण संघ के बैनर तले प्रदेश व्यापी हड़ताल की जा रही है। जिसका समर्थन जिले के नगर पालिका अधिकारियों ने किया है। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश में 400 से अधिक नगरीय निकायों में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी हड़ताल पर हैं। नियमित काम करने के बाद भी कई मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
मानसिक दबाव के अलावा जान से मारने का प्रयास किया जा रहा है। मोनिका पारधी मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद हरसूद (छनेरा) पर जानलेवा हमले से प्रदेश भर के सीएमओ में नाराजगी है। अगर इस तरह का दबाव बनाकर हमला किया जाए तो हम लोगों को काम करना मुश्किल होगा। उन पर हुए गोलीकांड के विरोध में सभी नगर पालिका अधिकारी आज हड़ताल पर रहेंगे।