
भारत जोड़ो न्याया यात्रा का आज 11वां दिन है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को असम के बरपेटा से भारत जोड़ो न्याय यात्रा फिर से शुरू की। उन्होंने कहा राज्य में भले ही कोई पान खाता हो लेकिन सुपारी का कारोबार मुख्यमंत्री के पास है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा हमेशा अपने राज्य में डर और नफरत फैलाते हैं।
एएनआई, बरपेटा। असम पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के दूसरे नेताओं के खिलाफ हिंसा में शामिल होने के आरोप में मंगलवार को एफआईआर दर्ज की है। दरअसल, असम सरकार ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा को गुवाहाटी के मुख्य सड़कों से गुजरने की इजाजत नहीं दी।
राज्य सरकार के इस फैसले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश पैदा हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए बैरिकेड तोड़ दिए। इसके बाद कांग्रेस नेताओं पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
राहुल गांधी ने सीएम हिमंत पर साधा निशाना
इसी बीच राहुल गांधी ने बुधवार को असम के बरपेटा से भारत जोड़ो न्याय यात्रा फिर से शुरू की। राहुल गांधी ने सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पर हमला बोला। उन्होंने कहा राज्य में भले ही कोई पान खाता हो, लेकिन सुपारी का कारोबार मुख्यमंत्री के पास है। “भले ही आपके पास पान हो, सुपारी का कारोबार उनका है। शाम को जब आप पान खाएंगे तो आपको पता चल जाएगा कि यह मुख्यमंत्री का है। वो आपके पॉकेट को लूटते हैं।”
राज्य के जमीन पर कब्जा कर रहे असम के सीएम:राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा हमेशा अपने राज्य में डर और नफरत फैलाते हैं। वो आपके जमीन पर कब्जा कर लेते हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा, अब जब भी आप काजीरंगा में गैंडा देखने जाएंगे, तो आपको पता चलेगा कि मुख्यमंत्री वहां की जमीन के मालिक हैं। राहुल गांधी ने आगे दावा किया कि जब आप टीवी पर न्यूज देखते हैं तो वो खबर भी असम के सीएम के अनुसार दिखाई जाती है।
‘उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाएगा अगर…’
राहुल गांधी ने दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नियंत्रण है और अगर वो अमित शाह के खिलाफ कुछ भी बोलेंगे तो उन्हें भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा। असम के मुख्यमंत्री का नियंत्रण अमित शाह के हाथ में है। अगर वह (हिमंत बिस्वा सरमा) अमित शाह के खिलाफ कुछ भी कहने की हिम्मत करते हैं, तो उन्हें दो मिनट में पार्टी से बाहर निकाल दिया जाएगा।”