
बीना-खुरई रोड स्थित बारधा गांव में सोमवार रात को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिसमें दंपति सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों में से दंपति को गंभीर चोटों के चलते सागर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, धनीराम अहिरवार (45) निवासी जेरुआ, बीना से अपनी बाइक पर गांव जा रहे थे। बारधा गांव के पास, सामने से आ रहे महेंद्र अहिरवार (42) अपनी पत्नी सावित्री अहिरवार (38) के साथ खुरई से बीना की ओर जा रहे थे। उसी दौरान, धनीराम अहिरवार ने लापरवाही से बाइक चलाते हुए महेंद्र और सावित्री की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट अभिषेक मौके पर पहुंचे और घायलों को बीना सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने महेंद्र अहिरवार के पैर और उनकी पत्नी सावित्री के हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें सागर रेफर कर दिया।
घायल महेंद्र अहिरवार ने बताया कि वह सही दिशा में बाइक चला रहे थे, तभी सामने से आ रहे धनीराम ने लापरवाही से बाइक चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। धनीराम शराब के नशे में था।