
छतरपुर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह खेत पर पेड़ पर उसका शव लटका मिला। परिजनों ने बताया कि उसका कई दिनों से पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम डिगोनी का है। यहां रविवार को अरविंद पिता घनश्याम पटेल उम्र 28 साल का शव खेत में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। वह खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। 10 साल पहले उसकी शादी चंदला थाना क्षेत्र के विकपुर गांव में पार्वती से हुई थी, जिनके 8 साल और 4 साल के दो लड़के हैं। शादी के बाद से अरविंद का विवाद पत्नी के साथ चल रहा था। कुछ समय पहले अरविंद ने पत्नी के साथ मारपीट की थी, उसके बाद पार्वती मायके चली गई थी कुछ दिन पहले ही ससुराल डिगोनी पार्वती आई थी।
परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम से अरविंद लापता था। देर रात तक तलाश की, फोन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कहीं नहीं मिला। वहीं रविवार की सुबह 9 बजे लोगों ने खेत के पास एक पेड़ से लटके होने की सूचना दी। इसके बाद परिजनों पुलिस को सूचना दी गई। राजनगर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि एक व्यक्ति के मृत होने की जानकारी मिली है पुलिस को घटनास्थल पर भेजा है जांच के बाद ही कारण का पता चल पाएगा।
