
भोपाल के ऐशबाग में आज एक वैन में आग लगने के बाद ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि वैन के परखच्चे (टुकड़े) 50 फीट तक ऊपर उड़ गए। वहीं 30 से 40 फीट तक आग की लपटें नजर आई। इससे लोग दहशत में आ गए। हालांकि कोई जन हानि नहीं हुई है।
घटना मंगलवार सुबह 11.45 बजे की है। बता दें ऐशबाग इलाके में फातमा बी की मस्जिद के पास एक वैन खड़ी थी। इसमें अज्ञात वजह से आग लग गई। धीरे-धीरे आग फैल गई। इससे वैन आग की लपटों में घिर गई। कुछ देर बाद ही वैन में ब्लास्ट हो गया
वैन में एलपीजी सिलेंडर लगा था
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन में एलपीजी सिलेंडर लगा था। संभवत: यह एलपीजी से ही चलती होगी। आग लगने के बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इसकी आवाज से पूरा इलाका दहशत में आ गया। रहवासी मयंक यादव ने तुरंत फायर ब्रिगेड स्टेशन पर कॉल करके सूचना दी।
इसके बाद बोगदा पुल से दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। ब्लास्ट के बाद भी करीब 15 मिनट तक वैन में आग लगी रही।
घरों पर गिरे टुकड़े, घायल कोई नहीं
जानकारी के अनुसार वैन के टुकड़े कुछ घरों पर भी गिरे, लेकिन किसी के भी घायल होने या किसी प्रकार के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई हैं।
पहले लगा कचरे में आग लगी है, देखा तो वैन जल रही थी
प्रत्यक्षदर्शी मयंक ने बताया- मैं छत पर घूम रहा था। तभी सामने सड़क पर कुछ जलते हुए देखा। पहले लगा कि कचरे में आग लगी होगी, लेकिन जब ध्यान से देखा तो वैन जल रही थी।