
सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र में 74 वर्षीय वृद्धा को नकली नोटों की गड्डी देकर ठग लिया गया। बदमाश नकली नोटों की गड्डी देकर सोने की चेन और अंगूठी लेकर भाग गए। बुजुर्ग महिला ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। गुरुवार को पुलिस ने कटरा बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले हैं। संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रायसेन जिले के शाहपुर गांव की रहने वाली सुगंधी पति भागचंद जैन (74) कुछ दिन पहले अपने मायके बड़ा बाजार सागर आई थीं। एक दिन पहले (बुधवार) शाम के समय कटरा बाजार गई थीं। इसी दौरान अशोक मेडिकल के पास दो लोग मिले। उन्होंने वृद्धा से कुछ खाने के लिए पैसे मांगे। लेकिन सुगंधी बाई ने उन्हें पैसे नहीं दिए और वह आगे चलने लगी। तभी आरोपियों ने उनका पीछा किया और बात करने लगे।
इसी दौरान उनमें से एक बदमाश ने कहा कि उनके पास रुपए तो बहुत हैं, लेकिन वह कुछ खरीदने आए हैं। इसके बाद उन दोनों ने वृद्धा को 500-500 रुपए के नोटों की गड्डी दिखाई। आरोपियों ने वृद्धा से कहा कि वह अपनी सोने की चेन और अंगूठी दे देगी तो वह नोटों की गड्डी उसे दे देंगे।
गड्डी पर पहला नोट लगा था असली, बाकी के नकली निकले वृद्धा बदमाशों की बातों में आ गईं। सोने की चेन और अंगूठी बदमाशों को दे दी। नोटों की गड्डी लेकर घर लौट आईं। उन्होंने नोटों की गड्डी निकाली और गिनने लगीं तो पता चला कि पहला नोट ही असली हैं। परिजनों को मामले की जानकारी लगी तो वृद्धा के साथ थाने पहुंचे और शिकायत की।