
रीवा में शुक्रवार देर रात भाजपा कार्यकर्ता पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। रेलवे ओवरब्रिज के पास हुई इस घटना में हमलावरों ने रॉड और लाठी-डंडों से हमला किया और पिस्तौल भी दिखाई। गंभीर रूप से घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके सिर पर 14 टांके लगे हैं। शनिवार को इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पिस्तौल लहराते दिख रहे है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीड़ित आलोक त्रिपाठी ने बताया कि कुछ लोग शहर में नशे का अवैध कारोबार कर रहे हैं। जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी थी। इसी के बाद से आरोपी उससे नाराज थे और लगातार धमकियां दे रहे थे।
शुक्रवार रात को जब वह किसी काम से शहर में निकला तो रेलवे ओवरब्रिज के पास आरोपियों ने उसे अपने पास बुलाया। इसके बाद अचानक करीब 8 लाेगों ने उस पर रॉड और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान जब स्थानीय लोगों ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो उनमें से एक ने पिस्तौल तान दी। इसके बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए।
हमले में आलोक को सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की सहायता से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसे सिर में 14 टांके लगे है। आलोक ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसपर नगर के शानू गर्ग, अंकुश दुबे और लवी तिवारी ने हमला किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
CCTV में कैद हुई घटना
भाजपा कार्यकर्ता पर हुए हमले के बाद आरोपियों की पिस्तौल लहराते घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
एएसपी विवेक लाल ने बताया-
सिविल लाइन थाना पुलिस ने भाजपा नेता के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार सुबह सामने आया है। 3 लोगों पर FIR दर्ज की गई है।
