
सागर की बंडा विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी का नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के सामने रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तरवर सिंह भावुक होकर कहते नजर आ रहे हैं कि “अपने लोगों की गद्दारी के कारण ही यहां हर बार कांग्रेस हार जाती है।” यह कहते-कहते उनकी आंखों में आंसू आ गए, जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने उन्हें शांत कराया।
यह वाकया 12 फरवरी को सागर बंडा में उस वक्त हुआ, जब नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी उनसे मिलने पहुंचे और विधानसभा में कांग्रेस की हार के कारण बताते हुए पार्टी के कुछ सदस्यों पर गद्दारी का आरोप लगाया।
तरवर सिंह लोधी के भावुक होने पर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारेबाजी भी की। इसी दौरान कांग्रेस के दो गुटों में बहस भी हो गई, जिससे पार्टी की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई।
2023 के विधानसभा चुनाव में हार गए थे
तरवर सिंह लोधी 2018 में बंडा विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक बने थे, लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के वीरेंद्र सिंह लोधी से हार गए थे। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में दमोह सीट से भी उन्हें भाजपा के राहुल लोधी के हाथों शिकस्त मिली।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पूरे घटनाक्रम के बाद कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी और कहा कि आपसी मतभेदों को भुलाकर पार्टी को मजबूत बनाना जरूरी है।