
सागर के मोराजी जैन मंदिर के पास स्थित निजी स्कूल से सटे मकान की निर्माणाधीन दीवार बुधवार को ढह गई। दीवार गिरने की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि घटना के समय बच्चे स्कूल के अंदर थे। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच शुरू की। मकान मालिक को समझाइश दी गई।
जानकारी के अनुसार, मोराजी मंदिर के पास डॉ. बाखले के प्लाट पर दीवार का निर्माण कार्य चल रहा था। दीवार दो मंजिल तक उठाई गई थी, लेकिन दीवार कमजोर होने के कारण अचानक ढह गई। लोग मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना प्रशासन को दी। घटनास्थल से सटकर प्राइवेट स्कूल है। जिसमें छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई करते हैं।
घटना के समय बच्चे स्कूल के अंदर थे। गनीमत रही कि लंच के समय दीवार नहीं ढही। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। क्योंकि जहां दीवार गिरी है उसके ही आसपास स्कूल के बच्चे खेलते हैं। घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट जूही गर्ग, सीएसपी ललित कश्यप समेत निगम का अमला मौके पर पहुंचा। सिटी मजिस्ट्रेट ने क्षतिग्रस्त दीवार हटाने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद निगम अमले ने दीवार को पूरा तोड़ दिया।