
दमोह में मंगलवार को एक छात्रा पुल से नीचे गिर गई। जिससे उसके पैर में चोट आई है। बताया गया कि सोमखेड़ा गांव की रहने वाली क्रांति खंगार 12वीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा देने इमलिया स्कूल गई थी। परीक्षा के बाद वापस लौटते समय भूख के कारण उसे चक्कर आ गया।
छात्रा पैदल डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित स्कूल गई थी। वापसी के दौरान जब वह एक पुल पर पहुंची, तो उसका संतुलन बिगड़ गया। वह 15 फीट ऊंचे पुल से नीचे गिर गई। एक स्थानीय राजपूत डॉक्टर ने उसे घायल अवस्था में देखा। डॉक्टर ने छात्रा से पूछताछ की। क्रांति ने उन्हें अपने चाचा हेमराज का नाम बताया। डॉक्टर ने तुरंत हेमराज को फोन किया। परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से छात्रा को जिला अस्पताल ले गए।
क्रांति ने बताया कि उसने सुबह से कुछ नहीं खाया था। इसी कारण उसे चक्कर आया और वह गिर गई। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई है। फिलहाल उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।