
सागर में शुक्रवार को धुलेंडी पर्व मनाया जा रहा है। शहर में हुरियारों की टोलियां घूम रही हैं। लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली रंगोत्सव की बधाइयां दे रहे हैं। बच्चों से लेकर महिलाएं और पुरुषों ने अपने परिवारों के साथ होली खेली। फाग गीतों पर जमकर झूमे।
सागर विधायक शैलेंद्र जैन के निवास पर होली मिलन समारोह रखा गया, जिसमें शहर के लोग और भाजपाई शामिल हुए।मिलन समारोह में लोगों ने खूब रंग-गुलाल उड़ाया। डीजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर झूमे। विधायक शैलेंद्र जैन और जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने फाग गीत गाए, जिन पर भाजपाई थिरकते हुए नजर आए।
पद्माकर नगर में महिलाओं ने खेली होली
शहर के पद्माकर नगर में रहवासियों ने होली मिलन समारोह मनाया। जिसमें कॉलोनी के बच्चे, महिलाएं भी शामिल हुई। इस दौरान होली गीतों पर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर महिलाओं ने खूब डांस किया। वहीं बच्चों ने मस्ती की।
बाजार में सजी रहीं रंग-गुलाल की दुकानें
होली पर्व के चलते बाजार में रंग-गुलाल की दुकानें सजी रहीं। तीनबत्ती क्षेत्र में हाथठेलों पर लोगों ने दुकानें लगाईं। कई तरह के रंग-गुलाल बेचे। इसमें रंग पटाखा भी खास रहा।, जिसमें एक साथ तीन रंग की गुलाल निकलती है।
मंत्री राजपूत लोगों से मिले, गुलाल खेली
होली पर्व पर कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तहसीली स्थित जिला पंचायत बंगला पर मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से मुलाकात की। गुलाल लगाकर रंगोत्सव की बधाइयां दी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत भी मौजूद रहे। उन्होंने फाग गीत गाए।