
सागर के रहली थाना क्षेत्र में आग की चपेट में आने से नवविवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। महिला की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उसका एक साल का बेटा है।
जानकारी के अनुसार, अचलपुर निवासी अनुष्का पति छोटे सिंह चौहान (23) ने आज सुबह घर के बंद कमरे में आग लगा ली। धुआं उठते देख गांव के लोग मौके पर पहुंचे। दरवाजे खोलकर देखा तो अनुष्का जली अवस्था में पड़ी थी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
महिला के भाई विक्रम सिंह ठाकुर ने आरोप लगाते हुए कहा कि बहन को उसके ससुराल वालों ने मारा है। जीजा छोटू बोलेरो गाड़ी की मांग कर रहे थे। ससुराल पक्ष के लोग बहन को परेशान करते थे। मारपीट भी करते थे।
पिता बोले- बेटी जीभ बाहर निकली थी
मृतका के बड़े पिता रामराज सिंह ने आरोप लगाया कि बेटी अनुष्का की हत्या कर आग लगाई गई है। क्योंकि उसकी जीभ बाहर निकली थी। खाल तक नहीं जली थी और उसके प्राण निकल गए। बेटी की शादी में जो कुछ हमसे बना हमने भरपूर दिया, इसके कर्ज में हमने अपना खेत तक बेच दिया था।
रहली TI अनिल तिवारी ने बताया
मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है। परिजनों के बयान लिए जाएंगे, जांच में मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आग से जलकर महिला की मौत।