
नजरबाग मंदिर से निकल रही प्रभात फेरी के माध्यम से श्रीराम जन्म महोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। श्रीराम जन्मोत्सव परिवार के सदस्य विभिन्न मोहल्लों में जाकर घर-घर आमंत्रण पत्र और धर्म ध्वज बांट रहे हैं।
परिवार के सदस्य विवेक चौरसिया के अनुसार आयोजन का 20वां वर्ष है। 2006 से शुरू हुई परंपरा में 20 मार्च से प्रभात फेरी आरंभ की गई है। पहले ओरछा में श्री राम राजा सरकार को आमंत्रण दिया गया। 21 मार्च को शिव धाम कुंडेश्वर में भगवान भोलेनाथ को आमंत्रण पत्र और धर्म ध्वज अर्पित किया गया।
22 मार्च से शहर के सभी 27 वार्डों में घर-घर आमंत्रण वितरण का कार्य चल रहा है। यह अभियान 5 अप्रैल तक चलेगा। 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे नजरबाग मंदिर में श्रीराम जन्म महोत्सव मनाया जाएगा। शाम 5 बजे से शहर में विशाल शोभायात्रा निकलेगी।
आयोजन समिति के सदस्य अजय सिंह गौर ने बताया कि इस वर्ष बुंदेली गायक कविता शर्मा और खनिज देव चौहान बधाई गीतों की प्रस्तुति देंगे। शोभायात्रा में महाराष्ट्र का प्रसिद्ध सिंधु गर्जना बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।