
बीना में खुरई रोड स्थित ओवर ब्रिज पर मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला पर दो बाइक सवारों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल महिला को सागर रेफर किया गया है।
वीर सावरकर वार्ड की रहने वाली 48 वर्षीय किरण ठाकुर सुबह साढ़े पांच बजे मोहल्ले की अन्य महिलाओं के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के सामने मुंह बांधे दो बदमाशों ने किरण के पैर में चाकू मार दिया और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन घायल किरण को अस्पताल ले गए। डॉ. संजीव अग्रवाल ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सागर रेफर कर दिया। पीड़िता के बेटे अमन राजपूत ने बताया कि उनकी मां चार अन्य महिलाओं के साथ मॉर्निंग वॉक से लौट रही थीं। घटना से आक्रोशित लोग थाने पहुंचे और क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर नाराजगी जताई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में डिसिजन होटल के सामने एक बाइक सवार को चाकू लहराते देखा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।