
पन्ना जिले में जल संरक्षण को लेकर जुगलकिशोर मंदिर से जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत हुई। मंदिर परिसर से कलश यात्रा निकाली गई और प्राचीन कुएं में कलश का जल प्रवाहित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने जल संरक्षण के महत्व को दर्शाती तख्तियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। वार्ड क्रमांक 19 स्थित मठ्या तालाब में सफाई अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, नगर पालिका अध्यक्ष मीना पांडेय, कलेक्टर सुरेश कुमार और जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी ने श्रमदान किया। जनअभियान संस्था के स्वयंसेवकों ने भी इस कार्य में सक्रिय योगदान दिया।
कलेक्टर सुरेश कुमार ने कहा कि जल संरक्षण में जन भागीदारी बहुत जरूरी है। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण के लिए साफ-सफाई, मरम्मत और प्रदूषण नियंत्रण पर जोर दिया। प्रशासन ने इस दिशा में विशेष कार्य योजना तैयार की है।