
जबलपुर में एक प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शनिवार रात में उन्होंने पत्नी के साथ खाना खाया। इसके बाद सो गए थे। रविवार तड़के उठकर दूसरे कमरे में गए। वहां लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को शूट कर लिया।
घटना रविवार अलसुबह की है। प्रॉपर्टी डीलर राकेश कथोरिया (62) भरत कॉलोनी में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। उनके बच्चे जबलपुर से बाहर रहते हैं। घटना के दौरान राकेश घर पर पत्नी के साथ थे।
फायरिंग की जानकारी मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना की जांच की जा रही है।
फायरिंग की आवाज सुनकर पत्नी दौड़कर पहुंची
राकेश कथोरिया का व्यापार अच्छा चल रहा था। संपन्न परिवार होने के कारण समाज में भी उठना-बैठना था। फायरिंग की आवाज सुनते ही पत्नी दौड़कर आई, देखा तो राकेश जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। पत्नी ने कहा कि सबकुछ अच्छा चल रहा था। उनकी बातों से ऐसा भी लगा भी नहीं कि वो किसी तरह की परेशानी में है।
जिस कमरे में राकेश ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है, उस कमरे में शराब से भरा एक गिलास भी रखा हुआ मिला है। आशंका है कि राकेश ने आत्महत्या करने से पहले शराब पी और फिर गोली मार ली।
पुलिस पता लगाएगी किस-किस से की बात
एसआई योगेंद्र सिंह ने कहा कि मौके से रिवाल्वर को जब्त कर लिया है। मोबाइल भी पुलिस के पास है। पता किया जा रहा है कि शनिवार को उन्होंने किस-किस से बात की थी। पुलिस यह भी पता कर रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उन्होंने खुद को गोली मार ली।
