
रीवा में आज चारों तरफ हनुमान जयंती की धूम है। रीवा के प्रसिद्ध चिरहुलानाथ हनुमान मंदिर के पट आज भक्तों के दर्शन के लिए सुबह साढ़े तीन बजे ही खोल दिए गए। हजारों की संख्या में भक्त भगवान चिरहुलानाथ हनुमान के दर्शनों के लिए पहुंचे। मंदिर में मंगलवार सुबह से ही अनुष्ठानों का क्रम जारी है।
चिरहुलानाथ हनुमान मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारे और फूलों से सजाया गया है। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक आज शाम तक मंदिर में लगभग 50 हजार से 1 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मंदिर के मुख्य पुजारी ने बताया कि आज चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि है। आज पूरे देश में हनुमान जन्मोत्सव धूम-धाम से मनाया जा रहा है। हनुमान जी कलयुग के देवता हैं और जल्द प्रसन्न होने वाले भगवान हैं। हनुमान जी को अष्ट सिद्धि और नौ निधि के दाता के रूप में जाना जाता है। ये चिरहुला मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है जो जिला कोर्ट के नाम से भी जाना जाता है। यही वजह है कि यहां 12 महीने विंध्य के कोने-कोने से आने वाले भक्तों की भीड़ बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि हनुमान जयंती का पर्व होने की वजह से शाम 4 बजे तक हजारों भक्त दर्शन कर जा चुके हैं। दोपहर 12 बजे से भंडारे का क्रम शुरू हुआ है जो कि देर रात तक जारी रहने वाला है। वहीं अखंड रामचरित मानस का पाठ लगातार जारी है।
सुबह, दोपहर में भगवान रामलला और चिरहुलानाथ हनुमान की विशेष आरती की गई है। शाम साढ़े 7 बजे भी विशेष आरती की जानी है। वहीं देर रात तक पूजा पाठ का क्रम और धार्मिक अनुष्ठान जारी रहने वाले हैं।