
सागर के सिविल लाइन चौराहे पर शुक्रवार को दो महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराया। दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया, जहां सिविल लाइन थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने मामले की जांच की।
पूछताछ में सामने आया कि एक पक्ष की महिला राहतगढ़ की रहने वाली है, जिसने आरोप लगाया कि उसके पति का एक महिला से अवैध संबंध है। दोनों एक ही होटल में काम करते थे। जब पत्नी को इस बारे में पता चला तो उसने पति का वहां से काम छुड़वा दिया। पत्नी का आरोप है कि इसके बाद भी दोनों मिलते रहे और पति घर के खर्चे के लिए पैसे नहीं दे रहा है। वह लाड़ली बहना योजना की राशि से घर चला रही है।
दूसरी तरफ, आरोपी महिला का कहना है कि उसने युवक को 50 हजार रुपए उधार दिए थे और कुछ गहने भी दिए थे। आज सिविल लाइन में युवक से मुलाकात होने पर उसने अपने पैसे और गहने मांगे, जिस पर युवक की पत्नी और भाभी ने उस पर हमला कर दिया।
जांच जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच जारी है।