
पन्ना जिले में सोमवार शाम 4:30 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान शुरू हुआ। यह करीब 30 मिनट तक चला। इसके बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे तेज बारिश में बदल गई।
बारिश से जिले के कई कस्बों और गांवों में टीन के टप्पर उड़ गए। कई जगहों पर पेड़ों के गिरने की सूचना मिली। खरीदी केंद्रों में खुले में रखा गेहूं भी बारिश की चपेट में आ गया।
तीन दिन से जिले में मौसम बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी बादल छाए रहते हैं। आंधी-तूफान की स्थिति भी बन रही है। इस बारिश से तापमान में गिरावट आई है।
जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा।