
सागर में बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरी में दो मकानों में चोरों ने सेंध लगाई। चोर घरों में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर भागे है। वारदात के समय परिवार गर्मी का मौसम होने के कारण छत पर सो रहे थे। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी चन्द्रभान पिता अनुरुद्ध सिह (55) निवासी ग्राम छापरी ने थाने में शिकायत की।
बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे मैं रोजाना की तरह खाना खाकर परिवार के साथ घर की छत पर सो गया था। नीचे के कमरों में ताला लगा दिया था। सुबह उठकर छत से नीचे आया तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉक टूटा था। सामान बिखरा हुआ पड़ा था। अलमारी में रखे नकद और सोने की चेन नहीं मिली। घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी।
तभी पता चला कि पड़ोसी हाकम सिंह ने बताया कि उनके घर में भी चोरी हो गई है। उनके कमरे से एक सोने की अंगूठी, सोने की चूड़ी का सेट, एक जोड़ी पैर की बिछिया समेत अन्य सामान चोर ले गए। चोर घरों का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे।
शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है। आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है।