
रीवा के विवेकानंद नगर में नाले में बहे डेढ़ वर्षीय रुद्रांश का शव शुक्रवार सुबह घर से चार किलोमीटर दूर द्वारिका नगर के पास बरामद किया गया। गुरुवार शाम को भारी बारिश के कारण ओवरफ्लो हुए नाले में बच्चा बह गया था।
एसडीआरएफ प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह 6:30 बजे से सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 8:30 बजे स्थानीय लोगों की सूचना पर द्वारिका नगर नाले से बच्चे का शव बरामद किया गया। परिजनों ने शव की पहचान रुद्रांश गुप्ता (20 माह) पिता दीपचंद्र गुप्ता, निवासी विवेकानंद नगर के रूप में की।
एक दिन पहले ही ननिहाल आया था
जानकारी के अनुसार, रुद्रांश एक दिन पहले ही अपनी मां के साथ विवेकानंद नगर स्थित ननिहाल आया था। गुरुवार शाम को वह घर के सामने खेल रहा था, जब नाले का तेज बहाव उसे बहा ले गया। गुरुवार को भी तलाश अभियान चलाया गया था, लेकिन बच्चा नहीं मिल सका था। एसडीआरएफ ने शव को बरामद करने के बाद अमहिया पुलिस को सौंप दिया है।