
दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के हटरी गांव की ब्यारमा नदी से वन विभाग ने रविवार को एक मगरमच्छ को पकड़ा है। वन विभाग की टीम पिछले 6 दिनों से इस मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास कर रही थी।
डीएफओ ईश्वर जरांडे ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ की लंबाई 6 फीट है। इसे वन विहार भोपाल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्यारमा नदी में अभी भी कई मगरमच्छ हैं। बारिश का मौसम होने और नदी की लंबाई अधिक होने के कारण इनकी सटीक संख्या का अनुमान लगाना मुश्किल है।
गौरतलब है कि पिछले साल इसी गांव में एक दुखद घटना हुई थी। आठ वर्षीय कृष्ण ठाकुर नाम के बच्चे को नहाते समय मगरमच्छ ने पानी में खींच लिया था। इस घटना में बच्चे की मौत हो गई थी। तब से गांव में दहशत का माहौल था।
वन विभाग ने लोगों को सुरक्षा के लिए नदी से दूर रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार एक मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद भी नदी में अन्य मगरमच्छों की मौजूदगी से इनकार नहीं किया जा सकता।