
सागर जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र में मंदिर में चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने सोमवार 21 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी छतरपुर जिले के रहने वाले हैं और सागर के विभिन्न मंदिरों में चोरी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से मां दुर्गा की पीतल प्रतिमा और अन्य सामान बरामद किया है।
पुजारी बालकिशन यादव ने थाने में शिकायत दी थी कि रात में मंदिर बंद कर घर चले गए थे, लेकिन सुबह आने पर ताले टूटे मिले। मंदिर में मुख्य प्रतिमा के पास विराजीं मां दुर्गा की पीतल प्रतिमा चोरी हो चुकी थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की।
बिजावर से पकड़े गए दोनों आरोपी
शाहगढ़ पुलिस ने छानबीन के दौरान छतरपुर जिले के बिजावर निवासी दो संदिग्धों के नामों का पता लगाया। बिजावर पुलिस से संपर्क कर जानकारी जुटाई गई। शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे के नेतृत्व में टीम बिजावर पहुंची और लोकेशन के आधार पर सरताज पिता अब्बास खान (29) और साबिर पिता अजीज खान (20) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की।
मां दुर्गा की प्रतिमा और दानपेटी से चुराई नकदी भी स्वीकार की थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि आरोपियों से मां दुर्गा की पीतल की प्रतिमा बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने खलमंत्रा मंदिर की दानपेटी तोड़कर नकद चोरी करने की बात भी मानी है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। मामला कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।