
दमोह जिले के पथरिया में रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें मध्य प्रदेश के पशुपालन राज्य मंत्री लखन पटेल ने हिस्सा लिया। यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। सभी के हाथों में तिरंगा था और भारत माता की जय के नारे लगाए जा रहे थे।
मंत्री पटेल ने बताया कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर निकाली जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में इसका आयोजन हो रहा है। यात्रा 2 से 15 अगस्त के बीच निकाली जानी थी, लेकिन पथरिया में खराब मौसम के कारण इसे आज तक टाला गया।
पटेल ने कहा कि यह यात्रा देश के वीर सपूतों को समर्पित है। जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को आजादी की कीमत समझाना भी है। कई वीरों ने देश के लिए अपनी जान दी है।
कार्यक्रम में मंत्री पटेल के पुत्र लकी पटेल भी अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने देशभक्ति के गीतों पर नृत्य भी किया।