
रीवा जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने मंगलवार रात शहर के पुलिस थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों की सुरक्षा व्यवस्था, रिकॉर्ड और पुलिस बल की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने सिविल लाइन और विश्वविद्यालय थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थानों में तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इसके साथ ही थानों में अपराध संबंधित दस्तावेज, रिकॉर्ड मैनेजमेंट और साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया।
अपराध नियंत्रण और थानों की कार्यप्रणाली
एसपी ने थानों में अपराधों पर नियंत्रण की स्थिति और गंभीर मामलों की जांच की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने थानों में सुरक्षा व्यवस्था का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
CCTV और बंदीगृह का निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक ने थानों में लगे CCTV कैमरों का जायजा लिया और बंदीगृह की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध नियंत्रण के लिए थानों में व्यवस्थित रिकॉर्ड और तैनाती आवश्यक है।
