दमोह के जबेरा में सोमवार रात जबेरा बाईपास पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल की टीम ने पुलिस के सहयोग से भैंसों और पड़ों से भरा एक ट्रक पकड़ा। ट्रक में अमानवीय तरीके से 14 मवेशियों को ले जाया जा रहा था।
बजरंग दल प्रकोष्ठ संयोजक पंकज सिंघई को सूचना मिली थी कि दमोह से जबलपुर की ओर जा रहा एक ट्रक मवेशियों को ठूंसकर ले जा रहा है। जानकारी मिलते ही सिंघई के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ट्रक का पीछा किया और उसे जबेरा बाईपास पर रोककर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थाना प्रभारी विकास चौहान, प्रधान आरक्षक सतेंद्र दुबे और आरक्षक विवेक कटारे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका और उसमें भरी 14 भैंसों व पड़ों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई पशु घायल अवस्था में पाए गए।
जांच में सामने आया कि पशुओं को अत्यंत छोटे स्थान में ठूंसकर रस्सियों से बांधा गया था, जिससे उनके पैर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई थीं। यह पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का उल्लंघन था।
पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक, परिचालक सहित दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया है। सभी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी विकास चौहान ने बताया कि सभी मवेशियों को प्राथमिक उपचार के बाद तेंदूखेड़ा गौशाला भेजा गया है। पशुपालन विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल प्रखंड जबेरा की टीम के पंकज सिंघई, रितिक नामदेव, गजेंद्र घोसी, राहुल परिहार, देवी सिंह लोधी, अजय खरे, आदर्श जैन, अनुराग नामदेव, प्रिंस ठाकुर, मुकुल जैन, नित्यम जैन, मोहित जैन, राजा घोसी, राजा चक्रवर्ती, सक्षम बाजपेई, शिवम साहू और राज सेन सहित कई स्थानीय युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और बजरंग दल की इस तत्परता की सराहना की है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे गिरोहों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।