रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र स्थित बूढ़ी माता मंदिर में कुछ अज्ञात लोगों ने कई मूर्तियों को खंडित कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के बाद मंगलवार को जब मनगवां से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति मौके पर पहुंचे तो नाराज लोगों ने उन्हें घेर लिया और जमकर खरी-खोटी सुनाई।
इस पूरी नोंकझोंक का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक विधायक को फटकार लगाते दिख रहा है। विधायक ने लोगों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
माता समेत 5 मूर्तियां खंडित, शनि देव की मूर्ति गायब
मनगवां के बूढ़ी माता मंदिर में हुई इस घटना में माता की मुख्य मूर्ति के साथ-साथ हनुमान जी, गणेश जी और नंदी की मूर्तियों को भी खंडित किया गया है। इसके अलावा, मंदिर से शनि देव की मूर्ति गायब कर दी गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क गया और उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी।
विधायक से बोला युवक- यहां नेतागिरी मत बताना
लोगों के आक्रोश की खबर सुनकर भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति उनसे बातचीत करने पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के साथ उनकी तीखी नोंकझोंक हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक विधायक को तेज आवाज में फटकारते हुए कह रहा है, “बहुत ज्यादा नेतागिरी यहां मत बताना। मेरे पूर्वज इसी जमीन पर नेतागिरी करते हुए मर गए।” बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ लोगों ने विधायक के सामने अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर भी अपनी नाराजगी जताई।
विधायक ने दिया जांच का आश्वासन
हालांकि, हंगामे और नोंकझोंक के बाद विधायक नरेंद्र प्रजापति ने लोगों को शांत कराया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पुलिस जांच में जुटी हुई है। मंदिर में तोड़-फोड़ करने वाले आरोपियों को जल्द ही चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।