जबलपुर में नर्मदा नदी में मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली है। शव बोरी में बंद था और पैर रस्सी से बंधे हुए थे। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी ने एसपी को दी, जिसके बाद एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
4-5 दिन पुराना शव, साधु होने की आशंका
चरगवां थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी के अनुसार, शव ग्राम भड़पुरा के पास नर्मदा नदी में मिला। मृतक की उम्र करीब 55-60 साल बताई जा रही है। उसकी दाढ़ी लंबी है, बड़े-बड़े बाल हैं और शरीर पर केवल लंगोटी थी। शव से कोई ताजा चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन पैरों में रस्सी बंधी होने से घटना संदिग्ध मानी जा रही है।
जल समाधि या साजिश?
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नर्मदा नदी में कई साधु-संत जल समाधि लेते हैं। यह भी जानकारी मिली कि नवमी के दिन सरस्वती घाट पर एक वृद्ध साधु ने जल समाधि ली थी। हालांकि जब पुलिस ने भक्तों से शव की पहचान के लिए पूछा, तो उन्होंने बताया कि यह उसी साधु का शव नहीं है।
फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के बाद मेडिकल मर्चुरी में रखवाया गया है। 48 घंटे तक शव की पहचान न होने पर पुलिस अंतिम संस्कार करवाएगी।