सागर जिला न्यायालय में शनिवार को पेशी पर आया एक विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने जब उसका पीछा किया तो वह करीब आधा किलोमीटर दूर एक पुलिस क्वार्टर की छत पर चढ़ गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा। करीब एक घंटे चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे बातों में उलझाकर पकड़ लिया।
पेशी के बाद पुलिस को चकमा देकर भागा
जानकारी के अनुसार, राहतगढ़ थाने में दर्ज दुष्कर्म और SC-ST एक्ट के मामले में आरोपी रंजीत घोषी जेल में बंद है। शनिवार को पुलिसकर्मी उसे पेशी के लिए जेल से कोर्ट लाए थे। पेशी के बाद जब उसे वापस ले जाया जा रहा था, तभी वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
छत पर चढ़कर मांगने लगा 50 हजार रुपए
भागकर आरोपी हनुमान मंदिर के पास बने पुलिस क्वार्टर की छत पर चढ़ गया। घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें वह नीचे खड़े पुलिसकर्मियों को कूदने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपए की मांग करता दिख रहा है। जवाब में पुलिसकर्मी उसे समझाते हुए रुपए जमा करने की बात कह रहे हैं।
बातों में उलझाकर पकड़ा, वापस जेल भेजा
छत पर चढ़े कैदी को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे बातों में उलझाए रखा और फिर उसे पकड़ लिया। आरोपी को वापस जेल भेज दिया गया है। साथ ही, पुलिसकर्मी की शिकायत पर गोपालगंज थाने में उसके खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से भागने का एक और मामला दर्ज किया गया है।