साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने लोगों को जागरूक करने के लिए एक खास पहल शुरू की है। इसके तहत ‘साइबर सतर्कता रथ’ जबलपुर पहुंचा, जिसे एडिशनल एसपी जितेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ पहले भोपाल से रवाना हुआ था और अब दो दिन तक जबलपुर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर लोगों को साइबर सुरक्षा की जानकारी देगा।
इस मौके पर एडिशनल एसपी जितेंद्र सिंह ने कहा कि साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करना बहुत जरूरी है और जबलपुर पुलिस SBI के इस प्रयास में पूरा सहयोग करेगी।
नुक्कड़-नाटक भी होंगे
इस जागरूकता अभियान में केवल वीडियो नहीं दिखाए जाएंगे, बल्कि नुक्कड़ नाटक के जरिए भी लोगों को समझाया जाएगा कि ठग किस तरह से लोगों को फंसाते हैं और उनसे कैसे बचा जा सकता है। ये नाटक आम भाषा में होंगे, ताकि हर कोई आसानी से समझ सके।
एडिशनल एसपी ने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा बेहद जरूरी है और SBI की यह पहल लोगों को ठगी से बचाने में मददगार होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी को साइबर क्राइम से जुड़ी कोई जानकारी या शिकायत हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
यह अभियान जबलपुर में दो दिन तक चलेगा और इसका मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सतर्क किया जाए।