रैपुरा में विषाक्त चावल खाने से कथिततौर पर पशुओं की मौत के मामले में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और स्थानीय ग्रामीणों ने रविवार, 12 अक्टूबर को रैपुरा थाने में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने थाना प्रभारी से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के प्रखंड संयोजक के.पी. राजा सिमरी ने बताया कि दो दिन पहले उन्हें एक किसान से सूचना मिली थी। दमोह रोड पर पंचवटी के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने लगभग एक ट्रॉली विषाक्त चावल सड़क पर फेंक दिया था। इस चावल को खाने से पशुओं की मौत हो रही है।
के.पी. राजा के अनुसार, इस घटना में करीब 15 से 20 गायों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से 15 गायें बीमार हैं। इस जानकारी के बाद उन्होंने ग्रामीणों और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर रैपुरा थाने में आवेदन दिया।
ज्ञापन में मांग की गई है कि विषाक्त चावल फेंकने वाले व्यापारी का व्यावसायिक लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किया जाए। साथ ही, सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं को पंचायत स्तर पर गौशालाओं में भेजा जाए, ताकि दुर्घटनाओं को नियंत्रित किया जा सके।
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने यह भी मांग की है कि ऐसे व्यक्ति या संस्था की जल्द से जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, जिन्होंने सार्वजनिक स्थान पर विषाक्त चावल फेंका है।