सागर के कैंट थाना क्षेत्र के भगवानगंज स्थित दाना पानी फैमिली रेस्टोरेंट में चोरों ने शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर रेस्टोरेंट से 16,500 रुपए नकद, एक मिक्सर मशीन और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। रेस्टोरेंट संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात में बंद था रेस्टोरेंट, सुबह पता चली वारदात
रेस्टोरेंट संचालक संजय जैन ने पुलिस को बताया कि वे रोजाना की तरह रात में रेस्टोरेंट बंद करके घर चले गए थे। इसी बीच, देर रात चोरों ने शटर का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। चोरों ने गल्ले में रखे 16,500 रुपए नकद, एक मोबाइल फोन, मिक्सर मशीन और सीसीटीवी का डीवीआर चुरा लिया। चोरी का पता तब चला जब वे सुबह रेस्टोरेंट खोलने पहुंचे।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस खंगाल रही फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आरोपियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।