जबलपुर के आधारताल तहसील के अंतर्गत आने वाले आयशा नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन मदरसे का कब्जा सोमवार को हटाया गया। यहां सरकारी भूमि पर पिछले एक साल से कब्जा किया जा रहा था। मदरसे की बुनियाद (न्यू) डाल दी गई थी। तहसीलदार, एसडीओपी और थाना प्रभारी आधारताल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई है। हिंदू संगठन ने प्रशासन से अतिक्रमण की शिकायत की थी।
ग्राम कुदवारी की सरकारी भूमि के खसरा नंबर 135 पर करीब 950 वर्गफीट क्षेत्रफल में तक्सीम बानो नामक महिला द्वारा निर्माण किया जा रहा था। प्रशासन ने बताया कि पहले भी इस संबंध में नोटिस जारी कर बेदखली का आदेश दिया गया था, लेकिन आदेश का पालन नहीं हुआ। इसके बाद सोमवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर पिलर और निर्माण सामग्री हटाई।
तक्सीम बानो से पूछताछ की जाएगी
नायब तहसीलदार रमेश कुमार कोष्ठी ने बताया कि कब्जे की जमीन पर क्या निर्माण किया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। मौके पर किसी को नहीं पाया गया। अब तक्सीम बानो से पूछताछ की जाएगी कि वहां पर निर्माण का उद्देश्य क्या था,” उन्होंने कहा कि जमीन को अतिक्रमणमुक्त कर पंचनामा तैयार किया है और आगे की जांच जारी है।
किन्नर कर रहा फंडिंग
हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता मनोज रजक का कहना है कि कुदवारी एरिया के आयशा नगर की पूरी जमीन सरकारी है। धीरे-धीरे कर लोग यहां कब्जा कर रहे हैं। रजक का आरोप है कि एक किन्नर मदरसा के लिए फंड दे रहा है। कुछ ही दिनों में यहां मदरसा तैयार हो जाता।
पूरे गांव में सरकारी भूमि पर कब्जा
अधिकारियों को बताया गया कि गांव में पूरी भूमि सरकारी है और लोग इस पर कब्जा कर मकान बना रहे हैं। जिसके खिलाफ शिकायत होती है, प्रशासन उसी के खिलाफ कार्रवाई करता है। नायब तहसीलदार का कहना है कि जिनके खिलाफ शिकायत मिलेगी, उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।