सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में ग्राम पथरिया हाट के पास पिकअप ने युवक को टक्कर मार दी। घटना में आई चोटों के कारण इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार को सौंप दिया।
परिजन ने घटना के विरोध में बीना मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंची और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम सुरेंद्र अहिरवार उम्र 23 साल निवासी पथरिया हाट मजदूर कर वापस अपने घर लौट रहा था। तभी गांव के पास पिकअप वाहन ने सुरेंद्र को टक्कर मार दी। घटना में सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हुआ। परिवार के लोगों ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान सुरेंद्र की मौत हो गई।
मंगलवार को पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया। शव परिवार वालों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर घर रवाना हुए। इसी दौरान उन्होंने सागर-बीना मार्ग पर पथरिया हाट गांव में सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
सहायता राशि की मांग की
चक्काजाम के दौरान पीड़ित परिवार को सहायता राशि दिलाने, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मोतीनगर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने की बात बोली। ताकि आगे से कोई दुर्घटना न हो सके। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। नियमानुसार मुआवजा राशि और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद चक्काजाम खोला गया। परिचितों ने बताया कि मृतक सुरेंद्र अपने नाना-नानी के साथ रहता था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार में कमाने वाला सिर्फ मृतक सुरेंद्र ही था।