सागर की देवरी पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 पर दस लीटर जहरीली शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाने लाकर उससे पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी करीब 7 माह पहले मोतीनगर थाना क्षेत्र में स्मैक की तस्करी करते पकड़ाया था। मामले में जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवधाम मंदिर के आगे छोटू लोधी के बंद टपरा के पास फोर लाइन पर एक युवक शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी हाथ में लिया थैला लेकर भागने लगा। जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश उर्फ भजिया पिता भगवान सिंह लोधी (34) निवासी ग्राम धुलतरा होना बताया। उसके पास से प्लास्टिक के थैले में सफेद रंग की कुपिया बरामद हुई। जिसमें कच्ची और पुरानी शराब थी जो यूरिया से बनाई गई है। कुपी का ढक्कन खोलने पर विषैली गंध आ रही थी। उक्त कुपी को ढक्कन से बंद किया गया। देवरी थाने के प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई में 10 लीटर जहरीली शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। थाने लाकर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी राकेश लोधी के खिलाफ पूर्व से अपराध दर्ज हैं।