सागर के केंद्रीय जेल से पैरोल पर छूटा एक कैदी फरार हो गया है। हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा बंदी बल्देव लोधी 15 दिन की पैरोल खत्म होने के बाद वापस जेल नहीं लौटा। जेल प्रबंधन की शिकायत पर गोपालगंज पुलिस ने फरार बंदी और उसके जमानतदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम बंदी की तलाश में दमोह भेजी गई है।
हत्या के मामले में काट रहा था उम्रकैद
पुलिस के अनुसार, जेल प्रहरी धर्मेंद्र सिंह ने थाने में शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया कि बंदी बल्देव उर्फ बड़े पिता धूप सिंह लोधी (उम्र 43 साल), निवासी हिनौता ठेगा (दमोह) को हत्या के मामले में अदालत ने 2 अगस्त 2022 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सजा के बाद से बंदी सागर सेंट्रल जेल में बंद था।
9 से 24 अक्टूबर तक की मिली थी पैरोल
शिकायत के मुताबिक, बंदी बल्देव लोधी को 9 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक की पैरोल पर रिहा किया गया था। उसे 24 अक्टूबर की रात तक वापस जेल में दाखिल होना था, लेकिन वह तय समय पर वापस नहीं आया और फरार हो गया है।
बंदी और जमानतदार पर केस दर्ज, तलाश जारी
इस मामले में बंदी के जमानतदार नवल लोधी (निवासी बिलाई) ने 50 हजार रुपए की जमानत प्रस्तुत की थी। जेल प्रबंधन की शिकायत पर गोपालगंज पुलिस ने फरार बंदी बल्देव लोधी और जमानतदार नवल लोधी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बंदी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम दमोह जिले में बंदी की तलाश कर रही है।