दमोह शहर में शनिवार रात एक विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे 17 वर्षीय किशोर सुमित जैन को चाकू मार दिया गया। गंभीर रूप से घायल सुमित की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
यह घटना सरस्वती स्कूल रेस्ट हाउस के पास रात करीब 11 बजे हुई। सुमित अपने दोस्त अखिल चौरसिया के विवाद में हस्तक्षेप करने पहुंचा था। चाकू लगने के बाद अखिल और अन्य साथी मौके से भाग गए।
आरोपी करीब आधे घंटे तक घायल सुमित के पास खड़े होकर उसे बचाने के लिए उसके साथियों को चुनौती देते रहे। घायल सुमित को आधे घंटे बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि शिवम पाठक, आकाश पाठक और अंकित राजपूत को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
सीएसपी पांडे के अनुसार, अखिल चौरसिया का आरोपियों से कुछ विवाद हुआ था। अखिल ने अपने दोस्त सुमित को बुलाया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने सुमित जैन को चाकू मार दिया। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
