दिल्ली के लाल किला के पास हुए ब्लास्ट के बाद सागर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड लगातार चेकिंग कर रहे हैं। सुबह और शाम के व्यस्त समय में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने बम निरोधक दस्ते के साथ मिलकर जांच अभियान चलाया। टीम ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया की तलाशी ली। संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ की गई और उनके पहचान पत्र चेक किए गए। पार्सल और लगेज की भी जांच की गई। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही
जीआरपी थाना प्रभारी एचएल चौधरी ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। सभी गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड लगातार जांच कर रहे हैं ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु को तुरंत चिन्हित किया जा सके।
बस स्टैंड पर भी सख्त चौकसी
बस स्टैंड पर जिला पुलिस बल की टीमों ने यात्रियों के बैग और वाहनों की जांच की। अधिकारियों का कहना है कि यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
