हरियाणा के पलवल में मंगलवार को सनातन एकता पदयात्रा के दौरान बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिल्ली में हुए ब्लास्ट की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि सनातनियों को कोई भयभीत नहीं कर सकता और पदयात्रा अडिग रहेगी।
शास्त्री ने समाज में कट्टर मानसिकता फैलाने वाले तत्वों की आलोचना करते हुए कहा कि वे लगातार तनाव पैदा कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि सनातन समाज सदैव संयम और साहस के साथ खड़ा है। उनका उद्देश्य विश्वभर में हिंदू समाज की सुरक्षा और संगठन को मजबूत करना है।
उन्होंने दृढ़ता से कहा कि जब तक उनके शरीर में प्राण हैं, यह यात्रा जारी रहेगी और सनातन धर्म के लिए कार्य चलता रहेगा। पदयात्रा के दौरान वे रास्ते में ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर चौपाल लगा रहे हैं और भीड़ अधिक होने के बावजूद हर व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
सफाई कर्मियों के साथ बैठकर भोजन किया
पदयात्रा में समरसता का संदेश भी प्रमुखता से दिया जा रहा है। महाराज ने सफाई कर्मियों के साथ सड़क पर बैठकर भोजन किया और व्यवस्था में जुटे शिष्य मंडल के साथ चाय भी ग्रहण की। यात्रा में ‘जय श्रीराम’ के नारे युवा व बुजुर्गों में जोश भर रहे हैं, पदयात्रियों का कहना है कि राम नाम ही उनकी शक्ति और ऊर्जा का स्रोत है।
इस यात्रा में विभिन्न राज्यों से लोग जुड़ रहे हैं। बिहार की 90 वर्षीय इंदु देवी और नेपाल की 70 वर्षीय ईसुरी देवी ने भी महाराज से मिलकर अपनी भावनाएं साझा कीं और हिंदू राष्ट्र की कामना व्यक्त की।
दिल्ली हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। यात्रा विराम के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में महामंडलेश्वर ऋषिकुमार दास महाराज, सांसद मनोज तिवारी, गिरिराज सिंह, निरहुआ सहित अनेक संत व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। चित्र-विचित्र, नूपुर शर्मा और भाग्यश्री जैसी हस्तियां भी यात्रा में शामिल हुईं।
