सागर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरिया जाट गांव में मंगलवार को एक महिला ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन घर पहुंचे तो महिला का शव फंदे पर झूल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा बनाया और पोस्टमॉर्टम कराया। शव को परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के मायके पक्ष के लोग घटनाक्रम की सूचना मिलते ही पथरिया पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला को ससुराल पक्ष की ओर से लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। मायके वालों ने कंट्रोल रूम पहुंचकर शिकायत की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
9 साल पहले हुई थी शादी
मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब 9 साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि दामाद आए दिन बेटी से मारपीट करता था। वह बुलेट गाड़ी मायके से लाने का बोलता था। दहेज की मांग और प्रताड़नाओं से परेशान होकर कुछ माह पहले बेटी को घर ले गया था।
पिता ने बताया कि दामाद के बड़े भाई आए और भरोसा दिलाया कि आगे से मारपीट नहीं होगी। इसके बाद बेटी को वापस ससुराल भेज दिया गया। लेकिन कुछ समय बाद पुलिस को सूचना मिली कि महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। उन्होंने कहा कि बेटी के साथ मारपीट कर उसे फंदे पर लटकाया गया। ससुराल पक्ष के लोग लगातार प्रताड़ित करते थे। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
