
Jharkhand Political News कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू और भाजपा के समीर उरांव का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में इनकी जगह पर किसी को भेजा जाएगा। धीरज साहू विवादित रहे हैं लिहाजा उन्हें फिर से मौका मिलने की संभावना कम है। इस सीट पर झामुमो की भी नजर है जबकि कांग्रेस दावा छोड़ने को तैयार नहीं है।
HIGHLIGHTS
- धीरज प्रसाद साहू और भाजपा के समीर उरांव का कार्यकाल हो रहा समाप्त
- दोनों ही सीटों के लिए 21 मार्च को होगा मतदान
Jharkhand Political News कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू (Dheeraj Sahu) और भाजपा के समीर उरांव का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में झामुमो (JMM) और कांग्रेस (Congress) के बीच पेंच फंसेगा। धीरज साहू विवादित रहे हैं, लिहाजा उन्हें फिर से मौका मिलने की संभावना कम है।
ऐसे में इस सीट पर झामुमो की भी नजर है, जबकि कांग्रेस दावा छोड़ने को तैयार नहीं है। ऐसे में सीट पर दावेदारी को लेकर कसरत होगी। दोनों ही सीटों के लिए 21 मार्च को मतदान होगा। इसी दिन शाम पांच बजे परिणाम घोषित हो जाएंगे।
भाजपा आदिवासी चेहरे को राज्यसभा में भेजने की कर रही तैयारी
वहीं, भाजपा इस बार संताल परगना से किसी आदिवासी चेहरे को राज्यसभा भेजने की योजना बना रही है। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद आदिवासी समाज में नाराजगी की संभावना को देखते हुए इसी समुदाय को प्रतिनिधित्व देने की बात केंद्रीय नेतृत्व भी कर रहा है।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी का जल्द ही रांची आने का कार्यक्रम है। इसके बाद एक मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी धनबाद आ रहे हैं। मार्च के पहले सप्ताह में भाजपा प्रत्याशी के नाम के चयन के लिए बैठक करेगी।
संताल परगना से पूर्व मंत्री लुईस मरांडी, सुरेश मुर्मू, देवीधन टुडू जैसे नामों पर विचार हो सकता है। लुईस मरांडी भाजपा में राष्ट्रीय दायित्व में रह चुकी हैं। झामुमो के किसी बड़े नेता को भाजपा में लाकर राज्यसभा भेजने की संभावना से भी जानकार इन्कार नहीं कर रहे हैं।