
MP News: रीवा पुलिस ने खेत में उगाई जा रही अफीम की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने यहां से लाखों रुपये की अफीम को बरामद किया है। साथ ही इस पूरे मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अन्तर्गत खेत में की जा रही अफीम की खेती का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खेत से पुलिस ने लाखों रुपए के अफीम के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह निर्देश पर कार्रवाई करते हुए गढ़ पुलिस की टीम ने खेत में दबिश देकर एक क्विंटल अफीम के पौधों को जब्त करने की करवाई की। इस दौरान अफीम की खेती करने वाले दो आरोपियों को दबोचने में भी पुलिस को सफलता हासिल हुई है।
अफीम के खेती का भंडाफोड़
दरअसल, घटना गढ़ थाना क्षेत्र के करहइया गांव की है। यहां पर रहने वाले कमलेश लोनिया और रमेश लोनिया के द्वारा अपने खेत में लंबे समय गेहूं और प्याज के फसल के बीच में अफीम की खेती की जा रही थी। इस बात की सूचना पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह को हुई। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना गढ़ पुलिस को दी। पुलिस की एक टीम ने खेत में दबिश दी और एक खेत में अफीम के पौधे लहराते हुए पुलिस को दिखाई दिए। जिसके बाद पुलिस ने 2380 अफीम के पौधे जब्त किए, जिसका वजन तकरीबन 1 क्विंटल है और कीमत तकरीबन 20 लाख रुपए है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अफीम के पौधे जब्त किए हैं, साथ ही आरोपियों को पकड़ कर थाने ले जाया गया जिनसे पूछताछ करके जानकारी जुटाई जा रहा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की करवाई की जा रही है।