
दमोह जिले में रेहटी के गांव आमडोह में दो पक्षों में हिंसक टकराव हो गया। इस दौरान मारपीट कर वाहनों में आग लगा दी गई।
सीहोर में रेहटी से 13 किलोमीटर दूर गांव आमडोह में दो पक्षों में हिंसक टकराव हो गया। विवाद गाली-गलौज के साथ शुरू हुआ, जिसने कुछ ही देर में बड़ा रूप धारण कर लिया। विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के वाहन में आग लगा दी। आग से एक ट्रैक्टर, एक बाइक, एक कार, एक पिकअप वाहन जल गए। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी बन गई। पुलिस को पहुंच मोर्चा संभालना पड़ा, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई। इतना बड़ा विवाद कैसे हुआ, उसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस के अनुसार, आमडोह के सुनील भिलाला व अभिजीत के बीच विवाद हो गया। इस विवाद में दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और एक दूसरे के साथ गाली-गलौज, मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। विवाद कर रहे लोगों ने घटना स्थल पर खड़े ट्रैक्टर, बाइक, कार, पिकअप में आग लगा दी। आग से वाहन जलकर खाक हो गए। पुलिस ने सुनील भिलाला की रिपोर्ट पर आरोपित अभिजीत, अभिषेक, चंदर सिंह, मुकेश सहित छह व्यक्ति और दूसरे पक्ष के अभिजीत की रिपोर्ट पर सुनील भिलाला आदि के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामला दर्ज होने के बाद अब आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।
पुलिस जांच पड़ताल कर यह भी पता लगा रही है कि आखिर विवाद का मुख्य कारण क्या है। इधर, घटना के बाद से गांव के लोगों में डर बना हुआ है। मामला गंभीर होने से रेहटी थाना पुलिस भी गांव पर नजर बनाए हुई है। पुलिस की तरफ से सभी लोगों को शांति, सद्भाव बनाए रखने की बात कही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी रेहटी राजेश कहारे ने बताया कि आमडोह गांव में दो पक्षों में विवाद हो गया था। एक पक्ष की तरफ से वाहनों में आग लगा दी गई थी। दोनों पक्षों की तरफ से मामला पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है।