
बारिश होते ही भीषण गर्मी से शहरवासियों को छुटकारा मिला, अभी एक दो दिन तापमान कम ही रहेगा।
इंदौर में सोमवार को झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिला दी। सुबह से गर्मी और उसम के बाद दोपहर में दो बजे कई क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू हुई। नौतपा खत्म होते ही इंदौर के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई तो कहीं-कहीं बादल छा गए। ठंडी तेज हवाओं ने पूरे शहर को राहत दे दी। तापमान में भी बड़ी गिरावट आई। सोमवार को दिन का तापमान 40.1 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में तीन दिनों से दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास ही है।
अब दिन और रात दोनों समय तापमान में गिरावट है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इस बार इंदौर ने रिकार्ड गर्मी झेली। मई के महीने में पारा 44 डिग्री के पार गया और लू की वजह से लोग लंबे समय तक घरों में ही कैद रहे। सोमवार को हुई बारिश ने शहर के अधिकांश हिस्सों में ठंडक घोल दी है।