
टीकमगढ़ नगर पालिका के 19 पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा को दिया है। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय मिलाकर कुल 19 पार्षद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का पत्र लेकर कलेक्टर दफ्तर पहुंचे हैं। कलेक्टर दफ्तर में सभी पार्षदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
दरअसल, नगर पालिका टीकमगढ़ में वर्तमान में कांग्रेस के अब्दुल गफ्फार अध्यक्ष हैं। नपा के कुल 27 पार्षदों में से 14 पार्षद कांग्रेस के जीते थे। भाजपा के 10 और 3 पार्षद निर्दलीय चुनाव जीते थे। वर्तमान अध्यक्ष के कार्यकाल के 2 साल पूरे होते ही भाजपा के 10, कांग्रेस के 6 सहित 3 निर्दलीय पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लगा दिया है।
आज सुबह 11.30 बजे 19 पार्षद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का पत्र लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर ने तत्काल सीएमओ शिवी उपाध्याय को बुलाया। देहात और कोतवाली पुलिस थाना को कलेक्टर दफ्तर के आसपास तैनात कर दिया गया है। करीब डेढ़ घंटे से सभी पार्षद कलेक्टर दफ्तर में मौजूद हैं। सभी पार्षदों के एक-एक कर बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लगाने से भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीति गरमा गई है