
सागर के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम रजवांस में गुरुवार की शाम झिनझिन नदी में बही 6 वर्षीय बालिका का शव आज सुबह मिल गया। शव गांव से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
बच्ची अपनी बहनों के साथ नदी किनारे खड़ी थी। संतुलन बिगड़ने से नदी में गिर गई और बह गई। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ने ऑपरेशन शुरू किया गया था। लेकिन अंधेरा होने के कारण देर रात तक बालिका का कुछ पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार रहली क्षेत्र में गुरुवार को बारिश हुई। बारिश के कारण ग्राम रजवांस से निकली झिनझिन नदी उफान पर थी। इसी दौरान सपना पिता गाथा काछी उम्र 6 साल अपनी बहनों के साथ नदी किनारे खड़ी थी। इसी दौरान अचानक वह नदी के तेज बहाव में बह गई। बालिका को बहते देख मौके पर मौजूद बहनों ने शोर मचाया। जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बालिका की तलाश शुरू की।
सूचना मिलते ही रहली थाना प्रभारी अशोक उपाध्याय और तहसीलदार राजेश पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालिका की सर्चिग शुरू की। नदी पर बनी पुलिया में बालिका के फंसे होने के संदेह में पुलिया पर ग्राम के युवकों ने सर्चिग की। लेकिन अंधेरा होने के कारण बालिका का कुछ पता नहीं चल सका है। आज सुबह गांव से 500 मीटर दूर नदी में सपना का शव मिल गया। मृतका तीन बहनें थी। कक्षा चौथी की पढ़ाई कर रही थी।