
शुक्रवार को शहर के आसमान पर बादल छाए रहे। सुबह के वक्त शहर में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। इससे दिन के तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
सुबह के वक्त 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे इस सीजन में अब तक कुल बारिश का आंकड़ा 1501.1 मिमी पर पहुंच गया है। यह औसत सामान्य बारिश 1130.5 मिमी से 370.6 मिमी ज्यादा है। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं।
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। एक दिन पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री दर्ज किया गया। इस लिहाज से गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जबकि न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री का इजाफा हुआ है।
आज भी बादल छाए रहने की संभावना
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश तथा निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर मध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इस परिसंचरण से गुजरते हुए पश्चिमोत्तर बिहार तक मध्य समुद्र तल से 1.5 किमी से लेकर 5.8 किमी की ऊंचाई पर ट्रफ विस्तृत है। इसके प्रभाव से आसमान पर बादल छाए हैं। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। जिले में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। जबकि कहीं-कहीं बादलों की गर्जना के साथ बिजली चमक सकती है।